हल्द्वानी। उमस भरी गर्मी में बिन बारिश के अप्रैल गुजर गया। मई के पहले हफ्ते बुधवार शाम को कुछ देर गर्मी से तपती मिट्टी में हवा के साथ साथ हल्की बारिश हुई तो लोगों ने राहत महसूस की। इस दौरान कुछ देर धूल भरी आंधी भी चलने से लोगों को खासी परेशानी हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद बुधवार दिन तो गर्म रहा लेकिन शाम होते ही एकाएक धूल भरी आंधी चलने लगी। 11.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण पूर्वी से हवा चली। सड़कों में घूमते लोग एक जगह ठिठक गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश भी शुरू हो गई और तपती धरती के साथ लोगों को भी राहत मिली। इधर मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में हल्की और मध्यम बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पंतनगर कृषि विवि के वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि अभी एक दो दिन मौसम में हल्की बारिश और तेज हवा चलेगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। ममुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा।