नैनीताल। बीते दो महीने से पेंशन का भुगतान नहीं होने से गुस्साए नियमित वर्कचार्ज पेंशनर्स ने सोमवार को निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता का घेराव किया। कर्मचारियों ने कार्यालय के समक्ष नारेबाजी कर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि 20 वर्ष की सेवा वाले पेंशनर्स की पेंशन रोकना नियमों के खिलाफ है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ईई हीरा सिंह बिष्ट ने मातहतों को निर्देश दिए कि पेंशनर्स की पत्रावलियां तैयार कर कोषाधिकारी कार्यालय को भेजी जाए जिससे पात्रों को त्वरित पेंशन मिल सके।
तय कार्यक्रम के तहत सोमवार सुबह पेंशनर्स लोनिवि निर्माण खंड कार्यालय के समक्ष एकत्र हुए। प्रदेश मुख्य संयोजक गिरीश चंद्र जोशी के नेतृत्व में एकत्र हुए पेंशनर्स ने सरकार समेत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्य संयोजक ने कहा कि शासन की ओर से हाल ही में जारी पेंशन नियमावली के चलते नैनीताल में लोनिवि प्रांतीय व निर्माण खंड से सेवानिवृत्त कार्मिकों को बीते दो माह से पेंशन नहीं मिल पाई है जबकि 2005 से पूर्व सेवानिवृत्त और 20 वर्ष की सेवा दे चुके कर्मी नए शासनादेश की परिधि में नहीं आते हैं। इस दौरान सुरेश पंत, असलम अली आदि रहे।