जिले की मंगलपड़ाव सहित तीन प्रमुख पुलिस चौकियां डबल स्टोरी बनाई जाएंगी। शासन ने जिले की तीनों पुलिस चौकियों के निर्माण के लिए एक करोड़ 80 लाख रुपए स्वीकृत कर दिए हैं। चौकियों में अभी तक शौचालय, हवालात और बैरक की मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
एसएसपी सेंथिल अबुदई ने बताया कि जिले के मंगलपड़ाव, रामगढ़ और हंसपुर खत्ता में चौकी निर्माण के लिए पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया था। इस पर शासन ने तीनों चौकियों के लिए धन आवंटित कर दिया है। लोनिवि के ठेकेदार ने मंगलपड़ाव और रामगढ़ चौकी निर्माण के लिए सर्वे कर लिया है। शीघ्र ही तीनों चौकियों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अभी मंगलपड़ाव चौकी तीन कमरों में चल रही है, इसमें हवालात और बैरक की भी अच्छी व्यवस्था नहीं है। निर्माण होने से चौकियां डबल स्टोरी हो जाएगी, इसमें हवालात, कार्यालय, बैरक की बेहतरीन व्यवस्था होगी।
अभी मुखानी और बनभूलपुरा थाने के निर्माण के लिए जमीन चिन्हित नहीं हुई है। वर्तमान हालात यह है कि मुखानी थाने में बैरक और हवालात के साथ मालखाने की भी मूलभूत सुविधा नहीं है। जमीन मिलने के बाद प्रस्ताव भेजने पर दो अन्य थानों को धन शासन की तरफ से मिलेगा। बता दें कि वित्त मंत्री डा.इंदिरा हृदयेश ने एक माह पहले बैठक कर थानों के निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगा था। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि थानों के निर्माण में धन की कमी आड़े नहीं आएगी।