किच्छा। तहसील दिवस पर राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें आने पर डीएम ने अधिकारियों से हर गांव में शिविर लगाकर सर्वे करने के निर्देश दिए। कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति राशन से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को राशन कार्डों का सर्वे और जांच करने के निर्देश दिए हैं।
नगर के स्व.राजीव गांधी कम्युनिटी हाल में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में डीएम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 142 लोगों ने शिकायतें दर्ज कराईं। सबसे अधिक 28 समस्याएं राशन कार्ड से संबंधित थीं।
डीएम ने 70 का मौके पर ही निस्तारण कर किया और शेष का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से दिव्यांगों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के लिए भी कहा। शिविर में पशुपालन विभाग, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग की ओर से स्टाल लगाये गये थे।
वहां पर विधायक तिलक राज बेहड़, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा, तहसीलदार गिरीश चंद त्रिपाठी, सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी सहित अनेक मौजूद रहे।