हल्द्वानी। पांच लाख रुपये से अधिक आय वाले लोगों के भी राशन कार्ड बन गए। अब लॉकडाउन में ऐसे परिवार अपने कार्ड ऑनलाइन करवा रहे हैं। नैनीताल जिले में 20 दिन में 494 राशन कार्ड ऑनलाइन किए गए। इसमें से कई ऐसे परिवारों को लौटाया भी गया जिनकी आय पांच लाख रुपये सालाना से अधिक होने का अंदेशा था।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत उन्हीं परिवारों के राशन कार्ड बनेंगे, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम हैं और राज्य खाद्य योजना के तहत ऐसे परिवारों के राशन कार्ड बनेंगे जिनकी वार्षिक आय पांच लाख रुपये से कम है। तहसील से कम आय का प्रमाण पत्र लाकर कई परिवारों ने राज्य खाद्य योजना के तहत पीले कार्ड बनवा लिए।
कई परिवार ऐसे थे जिनकी आय पांच लाख से अधिक थी, वे अपना आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाए और उनके राशन कार्ड ऑनलाइन नहीं हुए। अब लॉकडाउन के समय पूर्ति विभाग बिना आय प्रमाण पत्र के ही राशन कार्ड ऑनलाइन कर रहा है ऐसे में कई परिवार इसका फायदा उठाकर राशन कार्ड ऑनलाइन करा रहे हैं।
पूर्ति निरीक्षक रवि सनवाल ने बताया कि दो दिन पूर्व एक व्यक्ति कार से आया और वह अपना राशन कार्ड ऑनलाइन करवाने के लिए कह रहा था। जब उससे उसकी आय पूछी गई तो उसने अपनी वार्षिक आय 10 लाख रुपये बताई। उन्होंने कहा कि एक हल्द्वानी का प्रतिष्ठित टेंट स्वामी का लड़का भी ऑनलाइन राशन कार्ड कराने के लिए पहुंचा। पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि जिन व्यक्तियों को हम पहचान ले रहे हैं उनके कार्ड ऑनलाइन नहीं कर रहे हैं।
अभी आय प्रमाण जारी नहीं हो रहे हैं। ऐसे में बिना आय प्रमाण पत्र देखे ही राशन कार्ड को ऑनलाइन किया जा रहा है। जिले में कई लोग होंगे जिनकी आय पांच लाख से अधिक की होगी। उनके राशन कार्ड बने होंगे। लॉकडाउन खत्म होने के बाद इनकी जांच की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
-मनोज कुमार डीएसओ