रामनगर (नैनीताल)। नगर में रविवार को भगवान जगन्नाथ की 19वीं वार्षिक रथ यात्रा धूमधाम से निकाली गई। इसमें शामिल सैकड़ों भक्तों ने नंगे पैर भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचा और भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाए। रथ यात्रा का शुभारंभ नागा बाबा मंदिर से किया गया। इसमें सजे रथ में भगवान जगन्नाथ के साथ माता सुभद्रा और भगवान बलराम की मूर्ति को भी सुशोभित किया गया।
सुंदर रथ को पैदल चलकर हाथों से खींचा गया। मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु इस रथ को खींचते हैं, उन्हें अंत समय में श्री कृष्ण के चरणों की प्राप्ति होती है। रथ यात्रा बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए नागा बाबा मंदिर में समाप्त हुई। इसके साथ ही वहां मंदिर परिसर में भंडारे का प्रसाद भी बांटा गया। इसमें शामिल एक हजार से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। रथ यात्रा में डॉ. प्रमोद मेहरोत्रा, डॉ. विपिन मेहरोत्रा, अरविंद कुमार, एनएस गुप्ता, आनंद मेहरोत्रा, आमोद मेहरोत्रा, पवन जैन, नीता, शरद मेहरोत्रा, लता मेहरोत्रा, महेश आदि थे।