रामनगर। कॉर्बेट की नगरी रामनगर के मंगलार स्थित कौशिकी क्रिकेट मैदान में उत्तराखंड और रेलवे के बीच रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन रेलवे ने बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 233 रन बनाए। रेलवे के खिलाड़ी मोहम्मद सैफ ने नाबाद 99 रन बनाकर अपनी टीम को शुरुआती झटकों से उबारने के बाद बेहद मजबूती दी।
शनिवार सुबह टॉस जीतकर रेलवे टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। खेल के नौवें ओवर में अभय नेगी ने 22 रन के स्कोर पर रेलवे के एसए आहूजा (17 रन) को विकेट के पीछे कैच करा पहली सफलता हासिल की। 63 रन पर रेलवे का दूसरा विकेट प्रथम सिंह (9 रन) के रूप में 28वें ओवर में गिरा जिन्हें देवेंद्र बोरा ने बोल्ड किया। 43वें ओवर तक 101 रन के स्कोर पर रेलवे के चार विकेट गिर चुके थे। विवेक सिंह (44), उपेंद्र यादव (18) के विकेट गिरने के बाद अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ और बी मेराई ने पारी को संभाला और 143 रन की साझेदारी निभाई। मोहम्मद सैफ 99 और बी. मेराई 44 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह पहले दिन का खेल खत्म होने तक रेलवे की टीम ने 89 ओवर के खेल में 4 विकेट खोकर 233 रन बनाए। संवाद
अभय नेगी ने लिए लगातार दो विकेट
उत्तराखंड की टीम के खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ गेंदबाज़ी की। फील्डिंग में भी कई बेहतरीन प्रयास देखने को मिले। 27वें ओवर में अभय नेगी ने लगातार दो विकेट लिए। वहीं देवंद्र बोरा व मयंक मिश्रा ने एक-एक विकेट लिया।
आईपीएल के खिलाड़ियों ने भी लिया हिस्सा
इस मैच में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के कई खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें रेलवे टीम में उपेंद्र यादव, सूचित, करण शर्मा, युवराज चौधरी और प्रशांत चोपड़ा जैसे नाम शामिल हैं।
पहले दिन नहीं दिखा दर्शकों में उत्साह
रामनगर में रणजी मैच 25 से 28 अक्तूबर तक खेला जाना है। मैच के दौरान दर्शकों में उत्साह देखने को नहीं मिला। खेल मैदान में ना के बराबर ही दर्शक थे। आयोजकों को रविवार के दिन दर्शकों के आने की उम्मीद है।