टेंपो चालकों की मनमानी के खिलाफ अमर उजाला की मुहिम के बाद प्रशासन हरकत में आया है। शनिवार को प्रशासन, परिवहन और टेंपो चालकों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। जिसमें तय किया गया है कि रामपुर रोड पर किराया दस रुपये की जगह आठ ही लिया जाएगा।
जबकि हल्द्वानी से लालकुआं का किराया 20 रुपये ही लिया जाएगा। बाकी रूटों का परिवहन और टेंपो यूनियन प्रतिनिधि संयुक्त सर्वे करेंगे, जिसके आधार पर किराया फिक्स किया जाएगा। शहर और आसपास के रूटों पर 2349 टेंपो संचालित होते हैं।
पेट्रोलियम के दाम में कमी होने के बाद भी टेंपोे चालकों के किराया ज्यादा लेने को लेकर लोगों में आक्रोश था। किराया लेने के बाद भी कुछ टेंपो चालक जमकर ओवरलोडिंग कर यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में डाल रहे थे। इस मुद्दे पर अमर उजाला ने अभियान भी चलाया था।
इसी संबंध में त्रिपक्षीय वार्ता रखी गई थी। मीटिंग में टेंपो चालकों ने ड्राइवर समेत चार सवारियों के संचालन की अनुमति मांगी।। जबकि नियम ड्राइवर समेत तीन सवारियों का है। टेंपो चालकों का तर्क था कि आठ रुपये प्रति किमी का शेड्यूल है, जिसके अनुसार ही किराया लिया जा रहा है।
प्रतिनिधियों ने टेंपोे संचालन में पुलिस का सहयोग न मिलने की बात भी कही। एआरटीओ प्रर्वतन डा. गुरदेव सिंह और टैंपो चालक यूनियन के वरिष्ठ नेता केदार पलड़िया ने किराया कम होने की पुष्टि की है। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह, एसडीएम पंकज उपाध्याय, 16 किमी परमिट समिति संयोजक उमेश चंद्र जोशी, पंकज नेगी, नर सिंह आदि मौजूद थे।