यात्रियों को सुविधाएं दिलवाना रेलवे की जिम्मेदारी है, रामनगर में कार्बेट पार्क की वजह से एक मल्टीप्लैक्स कांप्लेक्स बनाया जाएगा, जिसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। एक-दो वर्ष के बीच में इसका निर्माण करा दिया जाएगा। यह बात पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक राजीव मिश्रा ने कही। श्री मिश्रा मंगलवार को यहां रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
इस दौरान श्री मिश्रा ने रेलवे में यात्रियों के साथ आए दिन हो रही घटनाओं के संदर्भ में कहा कि रेलवे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करेगा। उन्होंने कहा कि रामनगर से चौखुटिया, गैरसैंण, बागेश्वर के लिए ट्रेन चलाने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। पहाड़ों में ट्रेन चलाना बहुत कठिन कार्य है फिर भी रेल मंत्रालय से जो भी दिशा-निर्देश मिलेंगी, कार्रवाई की जाएगी।
महाप्रबंधक मिश्रा ने कहा कि रेल यात्रा में महिलाओं के लिए अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं।
सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक को पार करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। इसके लिए हमने जनजागरण अभियान चलाया है। श्री मिश्रा ने रामनगर रेलवे-स्टेशन परिसर में पैसेंजरों के लिए कूलर का ठंडा पानी एवं पंखे लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त मिली। निरीक्षण के दौरान रेलवे और आरपीएफ के अधिकारी मौजूद थे।
देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन
देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक राजीव मिश्रा को चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा, जिसमें काशीपुर-बरेली पैसेंजर ट्रेन का परिचालन रामनगर से बरेली करने, रामनगर-हरिद्वार रेल सेवा को देहरादून तक बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन के बजाय नियमित करने, धामपुर स्टॉपेज बढ़ाने, आरक्षण कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं प्लेटफार्म नंबर-1 ऊंचा करने, प्लेटफार्म नंबर-2 का निर्माण करने की मांग की है। इस दौरान अध्यक्ष मनिंदर सिंह सेठी, महामंत्री मो. ताहिर, मनमोहन अग्रवाल, देवेंद्र सेठी, राहुल अग्रवाल, सौरभ गोयल आदि मौजूद थे।