माल रोड में आए मलबे को हटाती जेसीबी मशीन
- फोटो : अमर उजाला
सरोवर नगरी में शनिवार को दिनभर हुई बारिश से जनजीवन थम गया। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से लेकर शनिवार रात सात बजे तक 85 मिमी बारिश हो चुकी है। भूस्खलन के खतरे से बचाने के लिए तल्लीताल स्थित तल्ला कृष्णापुर के चार परिवारों को नगर पालिका के आवासों में चार माह के लिए शिफ्ट करा दिया गया। मजबा आने से जिले के 10 मोटर मार्ग बंद हो चुके हैं। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
नगर में शुक्रवार रात से ही हल्की बारिश शुरू हो गई थी। सुबह आठ बजे से लगातार तेज बारिश होने से स्थानीय लोगों के साथ ही नैनीताल भ्रमण पर पहुंचे सैलानियों को परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के साथ ही घना कोहरा भी छाया रहा। जिसकी वजह से सुबह करीब 11:30 बजे ही माल रोड में वाहन चालकों को लाइट जलानी पड़ी। माल रोड समेत कई मार्गों में तेज बारिश की वजह से नालों के साथ ही सीवर लाइनें भी उफन गईं, जिससे सीवर का गंदा पानी नैनी झील में समा गया।
बारिश ने नगर की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। नालों से सारा कूड़ा नैनी झील में समा गया। दिनभर हुई बारिश से नैनी झील में नावें भी नहीं चली। माल रोड में इंडिया होटल से बगल के नाले में काफी मलबा आने से भले ही यातायात बाधित नहीं हुआ लेकिन जेसीबी दिनभर मलबे को हटाती रही। पटवारी अमित साह ने बताया कि तल्ला कृष्णापुर में हरीश थापा, जगदीश चंद्र, खीम सिंह, हरीश सिंह के मकानों को खतरा पैदा हो गया है।
लगातार इनके मकानों के पीछे से मलबा आने से चारों परिवारों को नगर पालिका के दुर्गापुर में बने नए मकानों में 31 अक्टूबर तक अस्थायी रूप से शिफ्ट किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट ने बताया कि दिनभर में 86 मिमी बारिश हो चुकी है। अधिकतम तापमान 21.5, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश की वजह से दिनभर माल रोड में खूब छाते बिके। बारिश से बचने के लिए टूरिस्टों ने 300 रुपये तक में छाते खरीदे।
नैनीताल जिले के बंद मोटर मार्ग
देवीपुरा-सौड़
अमेल-खोला
भौर्सा- पिनरौ
टपुवा- दुदली
अमृतपुर- जमरानी
हैड़ाखान धाम मार्ग
पदमपुरी- हैड़ाखान
खनस्यूं- पतलोट
पनचक्की- जमरानी
हल्द्वानी-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग