रेलवे की जमीन पर बसे लोगों को जारी नोटिसों की आपत्तियां बरेली के स्थान पर हल्द्वानी में दर्ज कराए जाने की मांग को लेकर शनिवार को लोगों ने राज संपदा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि कई विकलांग और बुजुर्ग लोगों बरेली पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं।
रेलवे विभाग ने हल्द्वानी में रेलवे की जमीन पर 4,365 कब्जेदारों को चिन्हित किया है। राज्य संपत्ति अधिकारी इज्जत नगर मंडल बरेली की तरफ से कब्जेदारों को लगातार नोटिस जारी हो रहे हैं। इसको लेकर शनिवार को हल्द्वानी से बरेली पहुंचे लोगों ने राज्य संपत्ति अधिकारी अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नोटिस दिए गए हैं वो नजूल की भूमि पर बसे हुए हैं। करीब 90 प्रतिशत लोग नगर निगम के अंतर्गत आते हैं। उन्होेंने कहा कि रेलवे विभाग नोटिसों पर आपत्तियां बरेली में सुन रहा है। इससे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।
उन्होंने आपत्तियों को बरेली में सुनने के स्थान पर काठगोदाम या हल्द्वानी में सुनने की मांग की। कहा कि बुजुर्ग और विकलांग लोगों को बरेली पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं। ज्ञापन देने वालों में पार्षद फइम जैबा, समाजसेवी शकील सलमानी, सालिम सिद्दीकी,जमील कुरैशी आदि शामिल थे।