राष्ट्रमंडल खेलों की क्वींस बेटन रिले बृहस्पतिवार को कुमाऊं की प्रवेश नगरी हल्द्वानी पहुंचेगी। यहां 20 अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ी बेटन को लेकर ढाई किमी तक दौड़ लगाएंगे। यहां से बेटन नैनीताल रवाना हो जाएगी। इस दौरान सुरक्षा इंतजाम पूरी तरह चाक चौबंद रहेंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अख्तर अली ने बताया कि दोपहर में करीब एक बजे उपजिलाधिकारी एपी वाजपेयी और पुलिस उपाधीक्षक डीसी ढौंढियाल और खेल अधिकारी बेटन को टांडा से रिसीव करेंगे। यहां से बेटन को गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम ले जाया जाएगा।
जहां कबीना मंत्री प्रकाश पंत बेटन का स्वागत करेंगे। इस दौरान स्वागत गीत, राष्ट्रीय गान व गीत, कुमाऊंनी गीत अन्य कार्यक्रम होंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से रिले दोपहर तीन बजे तिकोनिया चौराहे पहुंचेगी, जहां पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी और द्वाराहाट विधायक महेश नेगी सबसे पहले बेटन को लेकर दौड़ेंगे।
ढाई किमी तक टेढ़ी पुलिया स्थित वॉक वे माल तक दौड़ लगाई जाएगी। वहीं विदाई का जिम्मा पूर्व अंतरराष्ट्रीय बास्केट बाल खिलाड़ी एनएस रावत पर होगा। यहां से खेल अधिकारी बेटन को लेकर सड़क मार्ग से नैनीताल रवाना हो जाएंगे। रिले में सभी खिलाड़ी न्यूनतम 50 से अधिकतम 100 मीटर तक खिलाड़ी बेटन को लेकर दौड़ सकेगा।
क्वींस बेटन रिले शाम पांच बजे पहुंचेगी नैनीताल
क्वींस बेटन रिले शाम पांच बजे नैनीताल पहुंचेंगी। यहां तल्लीताल गांधी चौक के पास खिलाड़ियों और स्कूली बच्चों की ओर से इसका स्वागत किया जाएगा। उसके बाद खिलाड़ी मशाल लेकर मल्लीताल डीएसए मैदान पहुंचेंगे।
वहां स्कूली बच्चों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम को रिले में शामिल खिलाड़ी टीआरसी सूखाताल में विश्राम करेंगे। छह अक्तूबर को सुबह सात बजे क्वींस बेटन रिले सूखाताल से मल्लीताल बोट हाउस क्लब के पास पहुंचेगी। वहां से नैनी झील में नाव में सवार होकर तल्लीताल पहुंचेंगी फिर वाहनों से पंतनगर को रवाना होगी। ब्यूरो