पतलोट (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक में पीएमजीएसवाई योजना में बनी सड़कों की गुणवत्ता खराब मिलने की शिकायत पर जिलाधिकारी वंदना ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने धारी एसडीएम केएन गोस्वामी, लोनिवि नैनीताल, भवाली के अधिशासी अभियंता की टीम बनाकर सड़क कार्यों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम वंदना ने शुक्रवार को विधायक राम सिंह कैड़ा के साथ ओखलकांडा ब्लॉक के नाई में बहुउद्देश्यीय शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनीं। डीएम ने नाई इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं की मांग पर चार अतिरिक्त कमरों के लिए धनराशि स्वीकृत की। महतोली के चामा चोपड़ा तोक को ग्राम नाई में मिलाने वाली सड़क के लिए डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। हरिनगर के ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2010 से गांव का विस्थापन होना था जो अभी तक नहीं हुआ है। डीएम ने विस्थापन की कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग को क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
डीएम ने शिक्षा विभाग को एस्कॉट भत्ता देने को लेकर कार्रवाई करने के साथ प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों के भवनों के मरम्मत के प्रस्ताव 15 दिन के अंदर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने एससी बाहुल्य गांवों में एससीपी योजना से मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रस्ताव बनाने, भुमका गांव में कृषि विभाग से ईकेवाईसी कैंप लगाने, नाई में सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस को सही करने, नाई में ही पशुसेवा केंद्र भवन खोलने के निर्देश दिए। विधायक राम सिंह कैड़ा ने लंबित मोटर मार्गों की डीपीआर तैयार कर शासन भेजने को कहा। इस दौरान एसडीएम केएन गोस्वामी आदि मौजूद रहे।