संवाद न्यूज एजेंसी
नैनीताल। न्यूनतम वेतन, पेंशन, नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तल्लीताल डांठ चौराहे पर जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने कहा कि लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और अभियानों को धरातल पर पहुंचाने का काम आशा वर्कर कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें उचित मानदेय और कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आशाओं को न्यूनतम वेतन 11500 देने, कर्मचारी का दर्जा देने, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और नियमितीकरण का लाभ देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगों को लेकर पूर्व में भी सरकार को अवगत कराया गया, लेकिन कार्यवाही नहीं हुई। आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान उषा आर्या, मनीषा, शांति आर्या, प्रेमा अधिकारी, सरिता कुरिया, हेमा जोशी व अन्य लोग मौजूद रहे।