- बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। कोतवाली क्षेत्र के आनंदम सिटी स्थित एक कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे एक नामी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर का शव अंदर मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवा दिया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम आनंदम सिटी के निवासियों ने सूचना दी कि कॉलोनी में किराये पर रहने वाले जेनसन मैथ्यू (40) निवासी केरल का सुबह से कमरे का दरवाजा नहीं खुला है। पड़ोसियों ने कई बार दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो जेनसन मैथ्यू का शव जमीन पर पड़ा मिला।
सीओ देवव्रत जोशी ने बताया कि जेनसन मैथ्यू यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जांच की जा रही है।