नैनीताल। विंटर कार्निवाल के स्टार नाइट कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस और आयोजक संस्था हरकत में आई है। बुधवार सुबह से ही आयोजन स्थल पर बैरिकेडिंग, एंट्री गेट की लोकेशन में बदलाव जैसे कार्य किए गए हैं। प्राइवेट बाउंसर सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।
शहर में आयोजित विंटर कार्निवाल के स्टार नाइट कार्यक्रम में गायक प्रमीश वर्मा की प्रस्तुति के दौरान लोग स्टेज पर चढ़ गए थे। भीड़ वीआईपी और वीवीआइपी एरिया तक घुसी तो कुमाऊं आयुक्त व डीएम को भी निकलना पड़ा। इस दौरान कुछ देर कार्यक्रम भी रोकना पड़ा था। अब आयोजक संस्था की ओर से 40 बाउंसर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर दिए गए हैं। एडीएम ने बताया कि बैरिकेडिंग के बीच निजी बाउंसरों के साथ ही पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। वहीं, अराजक तत्वों के हंगामे में कार्यक्रम में लगाईं 20 से अधिक कुर्सियां और कुछ सोफा टूट गए। विधायक सरिता आर्या ने आयोजन स्थल का जायजा लेते हुए व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।