नैनीताल। कहानीकार ओपी ढौडियाल की ओर से लिखित और निर्देशित फीचर फिल्म प्रवासी की सोमवार को यहां सीआरएसटी इंटर कॉलेज सभागार में प्रिव्यू स्क्रीनिंग की गई। इस मौके पर फिल्म के कलाकारों के अलावा रंगकर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। दर्शकों ने फिल्म में स्थानीय रंगकर्मियों की अदाकारी की प्रशंसा की।
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल घिल्डियाल ने बताया कि प्रवासी फिल्म की कहानी एक ऐसे युवा के इर्दगिर्द घूमती है जो अच्छे भविष्य की तलाश में गांव से भाग कर दिल्ली चला जाता है। कोविड काल के दौरान कई साल के बाद वह अपने गांव लौट आता है। इस दौरान वह गांव में ही रुकना चाहता है लेकिन यह इतना आसान भी नहीं है। फिल्म इस बात की पड़ताल करती है कि वह गांव छोड़कर गया ही क्यों था और यदि अब रुकता है तो क्यों रुकेगा? क्या उसे गांव में जीवन यापन का अच्छा साधन और एक सुखद सामाजिक वातावरण मिल पाएगा?
घिल्डियाल ने बताया कि फिल्म पलायन से लेकर रिवर्स पलायन तक के मुद्दों को प्रमुखता से दर्शाती है। बताया कि सीमित संसाधनों में बनी इस फिल्म के कलाकार व तकनीशियन सभी पहाड़ से हैं।
फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में मदन मेहरा, अनिल घिल्डियाल, ओपी ढौडियाल, हरीश राणा, उर्मिला कंडवाल, कल्याणी साह, मुकेश धस्माना, राजेश आर्य, संयोगिता ध्यानी, मानसी रावत, रजनी आर्य व संजीव विरमानी शामिल हैं। डायरेक्टर फोटोग्राफी अतुल कुकरेती, सह-निर्देशक अद्रिजा ढौडियाल, संगीतकार निखिल व कृपाल सिंह रावत है।
इस मौके पर सीआरएसटी सभागार में उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के संयुक्त निदेशक प्रकाश चंद्रा, प्रधानाचार्य मनोज पांडे, राजीव लोचन साह, डॉ. मंजू ढौडियाल, पूनम पाठक, राजेश कुमार, कुंदन बिष्ट, मंच संस्था के संस्थापक इदरीश मलिक, युगमंच के जहूर आलम, रंगकर्मी मिथिलेश पांडे, मंजूर हुसैन, कौशल साह, रोहित वर्मा, मोहन जोशी, विनोद पांडे, बीसी जोशी आदि मौजूद रहे।