हल्द्वानी राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए अब चिकित्सा शिक्षा निदेशालय भर्ती प्रक्रिया की रणनीति में बदलाव करने पर विचार कर रहा है। डॉक्टरों की भर्ती के लिए होने वाले इंटरव्यू में पूर्वी और दक्षिण भारत को प्रमुखता देने की तैयारी है। इसकी वजह उत्तर भारत से इंटरव्यू में शामिल होने वाले कई डॉक्टरों का चयन के बाद भी ज्वाइन नहीं करना है। वहीं, इंटरव्यू में दक्षिण भारत के डॉक्टरों की भागीदारी अधिक सामने आ रही है।
प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में लंबे समय से फैकल्टी के पद खाली चल रहे हैं। इन पदों को भरने के लिए चिकित्सा शिक्षा निदेशालय की ओर से साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया में अब एक नई चुनौती सामने आई है। उत्तर भारत से इंटरव्यू देने पहुंच रहे कई डॉक्टर चयन होने के बावजूद मेडिकल कॉलेजों में ज्वाइन नहीं कर रहे हैं। इससे रिक्त पदों को भरने की कवायद प्रभावित हो रही है।
इसके उलट दक्षिण भारत के डॉक्टरों की इंटरव्यू में भागीदारी अच्छी बताई जा रही है। ऐसे में निदेशालय अब भर्ती प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए दक्षिण भारत में इंटरव्यू आयोजित करने या वहां के अभ्यर्थियों को अधिक संख्या में प्रक्रिया से जोड़ने के विकल्प पर विचार कर रहा है। माना जा रहा है कि इससे कॉलेज को जरूरत के मुताबिक विशेषज्ञ और फैकल्टी मिल सकेगी। हालांकि, इस दिशा में अंतिम निर्णय होना बाकी है।
प्रदेश में सात राजकीय मेडिकल कॉलेज
वर्तमान में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या अब सात हो चुकी है। इनमें अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, हल्द्वानी, रुद्रपुर, देहरादून, हरिद्वार और श्रीनगर शामिल हैं। पिछले छह महीने में तमिलनाडु, कर्नाटक, नागालैंड, आसाम, आंध्र प्रदेश से डॉक्टरों ने उत्तराखंड में इंटरव्यू को प्राथमिकता दी है। इसका कारण शांत जगह, पहाड़ी राज्य, नए नए मेडिकल कॉलेज और सुविधाओं के अलावा पर्वतीय जिलों में अच्छा वेतन मिलना शामिल है।
प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में अभी 35 से 35 प्रतिशत डॉक्टरों की कमी है। पिछले इंटरव्यू के दौरान बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों से फीडबैक लिया तो वह लोग यहां काम करने के इच्छुक दिखे। इसलिए अब प्रस्ताव बना रहे हैं कि विज्ञप्ति इन राज्यों में भी निकाली जाएगी। इसके अलावा एकीकृत व्यवस्था करते हुए प्रदेश में एक ही जगह देहरादून में इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। - डॉ. आशुतोष सयाना, निदेशक, चिकित्सा शिक्षा