हल्द्वानी। बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी आने के कारण शाम और रात को आपूर्ति ठप रही। ऐसे में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। वहीं बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
कई दिनों से डिमांड बढ़ने पर ऊर्जा निगम बिजली की कटौती कर रहा है। कभी लोकल फाल्ट के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होेने से कूलर, पंखे आदि उपकरणों के नहीं चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा लोगों की दिनचर्या पर भी असर पड़ा है। शहरवासियों का कहना है कि बिजली की कटौती बंद होनी चाहिए। इससे उनके कामकाज प्रभावित हो रहे है।
शाम करीब चार बजे धौला खेड़ा सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाली बिजली की लाइन में तकनीकी दिक्कत आ गई थी। इसके चलते बिजली सप्लाई बंद हो गई।
इस पर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता (ग्रामीण) डीडी पांगती ने बताया कि तत्काल तकनीकी खामी को दूर कराने के प्रयास शुरू कर दिए थे। कहा कि शाम करीब छह बजे तक आपूर्ति सामान्य कर दी गई। इस दौरान दो घंटे तक धौलाखेड़ा, मोटाहल्दू, बरेली रोड से जुड़े इलाकों, डिबेर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रही।
वहीं, शाम के बाद रात में भी बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बताया गया कि रात करीब आठ बजे बरेली से पंतनगर को आने वाली बिजली आपूर्ति (सर्किट) में तकनीकी दिक्कत आ गई, जिससे ग्रामीण और नगरीय डिवीजन के अंतर्गत आने वाले इलाकों में बिजली गुल हो गई। यह तकनीकी दिक्कत करीब नौ बजे ठीक हुई।