हल्द्वानी। प्रचंड गर्मी से बिजली के तार पिघलने शुरू हो गए हैं। इस कारण हो रहे फॉल्ट से उपभोक्ता त्रस्त हैं। बिजली का लोड इतना अधिक है कि तार 80 से 125 डिग्री सेल्सियस तक गर्म हो रहे हैं जो सामान्य से दोगुने से भी अधिक है। विद्युत ट्रांसफार्मरों का भी यही हाल है 90 डिग्री सेल्सियस तक उनकी हीटिंग हो रही है। फ्यूज उड़ने से फॉल्ट हो रहे हैं।
शुक्रवार को शहर में खेमपुर में ओवरलोड से लाइन ट्रिप हो गई। वार्ड-36 दमुवाढूंगा जवाहर ज्योति में सुबह ही ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली ठप हो गई। कमलुवागांजा और कठघरिया बिजलीघर में पावर ट्रांसफार्मर के वोल्टेज लेवल बढ़ाने के दौरान आधे घंटे से अधिक आपूर्ति ठप रही। बसानी के गांवों में भी घंटाभर बत्ती गुल रही। बिजली बाधित होने से करीब पांच हजार लोग प्रभावित हुए। कई क्षेत्रों में सुबह से लेकर शाम तक छुटमुट फॉल्ट के चलते बिजली की आंखमिचौली जारी रही।
सुबह से शाम तक बिजली ठप
वार्ड-36 में ट्रांसफार्मर खराब होने से लोग परेशान रहे। वार्ड पार्षद तनुजा जोशी ने बताया कि सुबह गुल हुई बिजली शाम तक बहाल हुई। यूपीसीएल की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं गई है। भीषण गर्मी में लोग त्रस्त रहे।
बिजली लाइनों में लोड बढ़ने से फॉल्ट हो रहे हैं, एसडीओ और जेई को तत्काल आपूर्ति दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। -एसके गुप्ता, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल