रात्रि में आई आंधी से फूलचौड़ में टूटी विद्युत लाइन।
- फोटो : अमर उजाला
नैनीताल जिले में बृहस्पतिवार रात आए अंधड़ से बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। रामनगर में लाइनों पर पेड़ गिरने से बिजली के 25 पोल टूट गए। हल्द्वानी के फूलचौड़ क्षेत्र और रामनगर में 50 हजार से अधिक लोगों को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ा। रामनगर के कानिया क्षेत्र में रात एक बजे गुल हुई बिजली 18 घंटे बाद शुक्रवार शाम बहाल हो पाई। आंधी से यूपीसीएल को करीब 10 लाख का नुकसान हुआ।
बृहस्पतिवार देर रात करीब एक बजे तेज आंधी के दौरान शहर व आसपास के क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। यूपीसीएल की ओर से एहतियातन बिजली बंद कर दी गई थी। करीब एक घंटे बाद आंधी कम होने पर बिजली सुचारु की गई तो लाइनों के फॉल्ट का पता चला। इस दौरान रामनगर में एचटी व एलटी लाइनों के पोल टूट गए और लाइनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हल्द्वानी के फूलचौड़ क्षेत्र में बिजली लाइनों पर टहनी गिर गयी। बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं को रातभर बिजली संकट से जूझना पड़ा। रामनगर के अधिशासी अभियंता जीएस कार्की ने बताया कि शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी गई। उन्होंने बताया कि रामनगर में करीब आठ लाख के नुकसान का अनुमान है।
लाइन में फॉल्ट से चार घंटे गुल रही बिजली
कमलुवागांजा से कालाढूंंगी रोड चौराहा बिजलीघर को आपूर्ति करने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट हो गया। इसके चलते बाजार क्षेत्र, नैनीताल रोड, कोतवाली, ऑफिसर्स कॉलोनी, बद्रीपुरा, गांधीनगर, बनभूलपुरा, रामपुर रोड, बरेली रोड समेत अन्य इलाकों में 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। रात करीब नौ बजे गुल हुई बिजली रात एक बजे बहाल हो पाई। इस बिजलीघर की आपूर्ति ठप होने से 13 बीघा इंदिरानगर उपकेंद्र को भी वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बिजली उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। वहीं रात को आंधी के दौरान टीपीनगर बिजलीघर की बिजली 1:24 बजे से 2:24 बजे तक ठप रही।
आंधी से रामनगर में सबसे अधिक नुकसान हुआ। रात तेज आंधी के दौरान 11 केवी की लाइन पर कई जगह पेड़ गिर गए। इससे कई पोल टूट गए और कई टेढ़े हो गए। कानिया, पीरूमदारा व छोई क्षेत्र मे आपूर्ति सामान्य करने में समय लगा। -नवीन मिश्रा, अधीक्षण अभियंता, यूपीसीएल
बिजली पोल से टकराया डंपर, आपूर्ति ठप
यूपीसीएल के ग्रामीण डिवीजन के धौलाखेड़ा बिजलीघर के पास डंपर ने बिजली पोल क्षतिग्रस्त कर दिया। यह डंपर स्टोन क्रशर से माल ले जा रहा था। बिजलीघर से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के चार बजे अनियंत्रित डंपर ने 11 केवी के बिजली पोल को टक्कर मार दी। इससे हाथीखाल व डूंगरपुर फीडर से जुड़े सैकड़ों लोगों की बिजली गुल हो गई। ऊर्जा निगम की टीम ने दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल की। इस बीच उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।