अभी तक पॉलिथीन को लेकर दुकानदार और बड़े विक्रेताओं पर कार्रवाई हो रही थी। अब प्रशासन का दावा है कि कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जाएगा और इसमें ग्राहकों को भी शामिल किया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति पॉलिथीन में सामान ले जाता हुआ मिला तो 500 रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। अभियान को शुक्रवार से ही शुरू करने की तैयारी है।
प्रशासन और नगर निगम की टीमें पॉलिथीन को लेकर अभियान चला रही हैं। इसमें अभी तक फुटकर दुकानदारों पर ही कार्रवाई हुई हैं, जबकि ग्राहकों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर भी आलोचना होती रही और इसे रस्मअदायगी की बात कही जाती थी।
हाल के कुछ दिनों में प्रशासन ने बड़े दुकानदारों पर कार्रवाई की है। इनमें करोड़ों रुपए का जुर्माना लगाया गया। इधर, अब प्रशासन ने ग्राहकों पर भी कार्रवाई का मन बना लिया है। डीएम दीपक रावत कहते हैं कि जो भी पॉलिथीन का इस्तेमाल करता हुआ मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
ऐसे में लोग घर से ही झोला आदि लेकर बाजार में खरीददारी के लिए जाएं। जिस ग्राहक के पास पॉलिथीन में कोई सामान मिलता है, तो उस पर पांच सौ रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके निर्देश मातहत और चेकिंग दल को दिए जा चुके हैं।
वैधानिक पहलू पर चल रहा विचार
बीते दिनों नगर निगम की टीम ने बड़ी मात्रा में पॉलिथीन और डिस्पोजल के सामान बरामद किए थे। इनकी गिनती आदि हो चुकी है। करोड़ों रुपये का जुर्माना लगाने की तैयारी है।
इस जुर्माना को लगाने के बाद विभाग और अधिकारी कोई ‘लंबी प्रक्रिया’ में न फंस जाए, इसको लेकर मंथन चल रहा और सभी पहलू पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इसी के चलते अभी तक जिनसे माल बरामद हुआ था, उनको कोई नोटिस आदि नहीं दिया गया है।