नैनीताल। विधान सभा चुनाव को लेकर नैनीताल विधानसभा में पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई हैं। सोमवार सुबह आठ से छह बजे तक मतदान होगा।
विधानसभा चुनाव को लेकर नैनताल विधान सभा के 164 बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई हैं। रिर्टनिंग ऑफिसर प्रतीक जैन ने बताया कि नैनीताल के सभी बूथों पर व्यवस्थाएं पूरी हो गई हैं। पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर तैयारियों में जुट गई हैं। मतदाता अपना पहचान पत्र लेकर मतदान के लिए जा सकते हैं। पहचान पत्र के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और पैनकार्ड लाने पर भी मतदान कर सकेंगे।
तीन मॉडल बूथों में होंगी सभी व्यवस्थाएं
नैनीताल। रिर्टनिंग आफिसर प्रतीक जैन ने बताया कि तीन मॉडल बूथों एसडेल, सैले हॉल और पीडब्ल्यूडी डाक बंगला मॉडल पोलिंग बूथ है। तीनों बूथों पर शौचालय, पानी, मोबाइल नेटवर्क और विश्राम करने की उचित व्यवस्थाएं की गई गई हैं। इसके अलावा सीआरएसटी इंटर कॉलेज और नर्सरी स्कूल मॉल रोड को सखी बूथ बनाया गया है। कहा कि इस बूथ में महिला पोलिंग टीम मतदान कराएगी।
65 संवेदनशील बूथों पर लगेंगे लाईव सीसीटीवी कैमरे
नैनीताल। नैनीताल विधानसभा में 65 बूथों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। संवेदनशील बूथों पर पुलिस बल के साथ सीसीटीवी लगाए गए हैं। सीसीटीवी के माध्यम से बूथों पर नजर रखी जाएगी।
पांच से छह बजे तक पीपीई किट पहनकर पोलिंग पार्टी कराएगी मतदान
नैनीताल। रिर्टनिंग ऑफिसर प्रतीक जैन ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए थर्मल स्कैनिंग कर ही मतदाता को मतदान के लिए भेजा जाएगा। बताया के यदि किसी व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण दिखेंगे तो अंतिम के एक घंटे में उनसे मतदान कराया जाएगा। जिसके लिए पोलिंग पार्टी पीपीई किट पहनकर पूरी सावधानी के साथ मतदान कराएगी।
आज एक लाख 10 हजार 559 वोटर करेंगे मतदान
नैनीताल। नैनीताल विधानसभा में एक लाख 10 हजार 559 मतदाता पांच प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिसमें 58, 829 पुरुष और 51, 730 महिला मतदाता हैं।