नैनीताल। कार और स्कूटी की टक्कर के बाद सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और अधिवक्ताओं के बीच मारपीट हो गई। तल्लीताल थाने में दोनों पक्षाें ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मल्लीताल कोतवाली के कांस्टेबल जीवन चंद्र पांडे ने दी तहरीर में कहा कि बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे वह अपने साथी हरवंश राणा और चालक विनोद के साथ तल्लीताल से राजभवन की ओर जा रहे थे। एलपीएस के पास कुछ लोग झगड़ा कर रहे थे। रोकने पर वे उनके साथ ही हाथापाई पर उतर आए। मारपीट में वह बेहोश हो गए। हमलावरों में शुभ्र, राहुल समेत 10 अन्य लोग शामिल रहे। घटना में उनका पर्स और 8000 रुपये भी गुम हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और सभी को चौकी ले गई। तहरीर के आधार पर तल्लीताल थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
दूसरी ओर, लक्सर हरिद्वार निवासी अधिवक्ता शुभ्र रस्तोगी ने कहा कि बृहस्पतिवार रात वह बीकमपुर से रात्रि भोज के बाद राजभवन मार्ग से अपने दोस्त राहुल के साथ तल्लीताल की ओर आ रहे थे। एलपीएस के पास विपरीत दिशा से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने आगे चल रही स्कूटी को टक्कर मार दी और उनके साथ मारपीट की। उनके कान, होंठ और सिर पर पत्थर से वार किया।
घटना में उनकी सोने की चेन और पेंडल गुम हो गए। उनकी सूचना पर पुलिस पहुंची। हमारे बुलाने के बावजूद पुलिस उन्हें आरोपी की तरह तल्लीताल चौकी लाई जबकि मुख्य हमलावरों को कुछ नहीं कहा। आरोप है कि सिपाही पुष्कर ने उनके व राहुल के साथ मारपीट की। अधिवक्ता की तहरीर पर थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में आरोपी जीवन पांडे व अन्य चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोट
तल्लीताल क्षेत्र में पुलिस और अधिवक्ता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसमें दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। दोनों पक्षों का मेडिकल कराने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। - डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी अपराध