रामनगर (नैनीताल)। दिल्ली के वाहन चोर के साथ घूमने के मामले में एसएसपी ने खताड़ी चौकी में तैनात सिपाही कुलदीप सिंह को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने होटलों को लीज पर देने से पहले कारोबारियों से पुलिस सत्यापन कराने को कहा है।
शनिवार रात दिल्ली पुलिस एक वाहन चोर को पकड़ने रामनगर पहुंची थी। इस बीच खताड़ी चौकी में तैनात सिपाही कुलदीप सिंह वाहन चोर के साथ ऑडी कार में घूम रहा था। दिल्ली पुलिस के पकड़ने से पहले ही वाहन चोर पीरूमदारा में वाहन छोड़कर फरार हो गया था। पता चला है कि वाहन चोर ढिकुली में लीज पर रिजॉर्ट चलाता था। वाहन चोर के साथ घूमने के मामले में पुलिस की किरकिरी हुई है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने कहा कि पीरूमदारा में मिली ऑडी की जांच की गई। पता चला कि कार वाहन चोर के नाम पर है। उसे पीरूमदारा चौकी में रखा गया है।
कोतवाल रवि कुमार सैनी ने होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिमान को कोतवाली में बुलाया। कोतवाल ने होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष से लीज पर होटल लेने वालों की जानकारी ली है। एक पत्र होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष को दिया, जिसमें लीज पर होटल लेने वालों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं खुफिया विभाग भी इस प्रकरण की जांच में जुट गया है। विभाग यह पता लगा रहा है कि आपराधिक प्रवृत्ति के कौन-कौन से लोग यहां पर होटल और रिसॉर्ट को लीज या फिर खरीद रहे हैं।
एसएसपी ने सिपाही कुलदीप सिंह को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पंकज गैरोला सीओ