रामनगर। पुलिस विभाग ढेला में वीवीआईपी गेस्ट हाउस बनाने जा रहा है। पांच कमरों के गेस्ट हाउस के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य किया जाएगा।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व रामनगर में साल भर पर्यटकों का आगमन होता है। पर्यटकों के आगमन के साथ ही वीवीआईपी गेस्ट भी यहां पर आते हैं। ऐसे में पुलिस व प्रशासन को उनके रहने की व्यवस्था करनी होती है। अब पुलिस विभाग ढेला गांव में वीवीआईपी गेस्ट हाउस बनाएगा। यहां से ढेला व झिरना पर्यटन गेट भी शुरू होता है। रामनगर के कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मेहमानों के आने से उनके आवास के लिए कठिनाई का सामना करना पड़ता है। वीवीआईपी गेस्ट हाउस होने से वीवीआईपी मेहमानों को सुविधा होगी। इधर, सीओ सुमित पांडे ने बताया कि वीवीआईपी गेस्ट हाउस के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
ढेला में पुलिस के पास 2500 वर्ग मीटर जमीन
रामनगर कोतवाली की ढेला गांव में पुलिस चौकी है। यह पुलिस चौकी 2500 वर्ग मीटर भूमि में है। 500 मीटर भूमि पर पुलिस चौकी है, 2000 वर्ग मीटर खाली है। इस खाली भूमि पर ही वीवीआईपी के लिए पांच कमरों के गेस्ट हाउस बनाने की योजना है। वीवीआईपी गेस्ट हाउस बनाने में दो करोड़ की लागत आएगी।