हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस की एक टीम करोड़ों की धोखाधड़ी मामले की जांच के लिए शुक्रवार को कोलकाता पहुुंच गई है। अभी तक की जांच में पता चला है कि कंपनी ने एक महिला को निदेशक बनाया है। पुलिस कोलकाता पुलिस से संपर्क करके कंपनी से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
लालकुआं क्षेत्र में संध्या कृषि मल्टीपल चिटफंड कंपनी संचालक मृत्युंजय समेत कई लोगों ने आम जनता को शीघ्र जमा धन को दोगुना करने का ऑफर दिया। देखते ही देखते कंपनी ने एजेंटों के माध्यम से करीब 250 से अधिक लोगों की दो करोड़ से अधिक रुपये निवेश के नाम पर जमा करा लिए। भुगतान की तारीख नजदीक आने पर जब आम लोग पैसा लेने पहुंचे तो संचालक कंपनी बंद करके भाग चुके थे। पुलिस को इसका पता तब चला जब लालकुआं के रहने वाले लालराम ने थाने पहुंचकर कंपनी के खिलाफ 36 हजार रुपये लेकर भागने की लिखित शिकायत की।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसपी सुनील कुमार मीणा के निर्देश पर विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक दान सिंह मेहता को सौंपी गई है। कंपनी से जुड़े लोगों के कोलकाता संपर्क का पता चलने पर पुलिस की एक टीम कोलकाता पहुंची और पता चला कि मृत्युंजय ने पत्नी हुमा खान को कंपनी का निदेशक बनाया था। पुलिस दो अभियुक्तों को नोटिस दे चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।