ज्योलीकोट (नैनीताल)। सोमवार रात भुजियाघाट क्षेत्र स्थित गोल्डन सन पार्क रिजॉर्ट में हुए बवाल मामले में पुलिस ने जांच शुरू करने का दावा किया है। हालांकि अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। जांच सिर्फ सीसीटीवी तक सीमित है। तल्लीताल थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोरा और चौकी इंचार्ज अविनाश कुमार मौर्य का दावा है कि रिजॉर्ट परिसर में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही होटल स्टाफ और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई है।
सोमवार की देर रात रिजॉर्ट में संगीत के कार्यक्रम चल रहे थे। हरियाणा के गायक अजय हुड्डा को भी बुलाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत में ही रिजॉर्ट में मौजूद एमबीपीजी के छात्रनेता समर्थकों के दो पक्षों में बवाल हो गया। मारपीट की घटना में स्थानीय युवक मनीष का सिर फट गया। पुलिस टकराव को छात्र संघ चुनावी रंजिश को मान रही है जबकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां विदेश की युवतियों को नचाया जा रहा था। इधर दोनों ही पक्षों की ओर से तल्लीताल थाने में तहरीर देकर एक दूसरे पर छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप लगाए हैं। चौकी इंचार्ज अविनाश मौर्य का कहना है कि रिजॉर्ट संचालक की ओर से आयोजन की अनुमति ली गई थी।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया घटना को लेकर रश्मि लमगड़िया और कपिल खाती की ओर से तहरीर दी गई है। इस पर फिलहाल जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।