रामनगर। अज्ञात लोगों ने वाल्मीकि समाज के एक युवक की पत्थरों से कुचलकर हत्या करने के बाद शव को रेलवे क्रॉसिंग के पास फेंक दिया। शव के दोनों पैर गमछे से बंधे मिले हैं। घटना का पता चलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के विरोध में उत्तराखंड स्वच्छकार कर्मचारी संघ के शाखाध्यक्ष रामभरोसे लाल ने ऐलान किया कि सोमवार से नगर की सफाई का बहिष्कार तब तक किया जाएगा, जब तक कि हत्यारे गिरफ्तार नहीं कर लिए जाते। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इधर, मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार सुबह एक प्लाइवुड कारखाने में काम करने वाले श्रमिकों ने पत्ते सुखाने के दौरान गड्ढे में शव पड़े होने की सूचना रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी चौकी को दी। जीआरपी की सूचना पर एसएसआई भूपेंद्र सिंह बृजवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त ब्रजेश कुमार उर्फ रिंकू (31) वर्ष पुत्र रतन लाल वार्ड नंबर 2 ब्लॉक रोड वाल्मीकि कॉलोनी खताड़ी के रूप में हुई।
एसएसआई बृजवाल ने बताया कि युवक की हत्या पत्थर से सिर कुचलकर की गई है। उसके दोनों पैर गमछे से बंधे मिले हैं। घटनास्थल से थोड़ी ही दूरी पर कुछ पत्थर खून से लथपथ और जमीन पर काफी खून बहा मिला है। घटनास्थल के पास पर्स, मोबाइल का कवर, आधार कार्ड, स्कूटी की चाबी बरामद हुए हैं।
सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई सुशील ने बताया कि शनिवार की शाम रिंकू स्कूटी लेकर घर से गया था। काफी देर तक नहीं लौटने पर उसकी तलाश की और मोबाइल पर संपर्क भी किया, लेकिन न उसका पता ही चला और न ही फोन ही उठा। पुलिस ने मृतक की स्कूटी घटना स्थल से करीब 300 मीटर दूर एक बार के पास से बरामद की है।
रामनगर। वाल्मीकि समाज के बृजेश कुमार उर्फ रिंकू की हत्या के विरोध में उत्तराखंड स्वच्छकार कर्मचारी संघ के बैनर तले समाज के सैकड़ों लोगों ने उसका शव कोतवाली में रखकर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर मामले का खुलासा नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बाद में इस संबंध में एसएसपी को संबोधित ज्ञापन कोतवाल को सौंपा गया। वहीं, एसएसआई बृजवाल ने लोगों को शांत करते हुए बताया कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमों को लगाने के साथ ही एसओजी की भी मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। प्रदर्शन करने वालों में संघ के शाखाध्यक्ष रामभरोसे लाल, पूर्व सभासद अश्वनी सिद्धार्थ, संजय कुमार, सुनील कुमार, हरलाल, सरोज, सुषमा, शकुंतला, कमला, रेखा, सीमा, कमलेश, नितिन, राहुल, ममता, महेंद्र, दलीप, दीपक, कमल, धर्मेंद्र, विजेंद्र प्रताप, अनूप, श्याम समेत कई लोग मौजूद थे।