हल्द्वानी। गर्भवती होने की जानकारी होने के बाद अस्पताल से भागी युवती परिजन को मिल गई है।
बता दें कि कक्षा 11 में पढ़ने वाली एक युवती के माता-पिता नहीं है। युवती अपने भाई के साथ अपने नाना के पास रहती है। स्मैकियों ने युवती और उसके भाई को नशे की लत डाल दी। नशे में धुत करने के बाद स्मैकियों ने उसका शारीरिक शोषण किया। नशे की गिरफ्त में आ चुकी युवती का स्मैक के एवज में हर नशेड़ी फायदा उठाने लगा।
शनिवार को युवती को एसटीएच लाया गया था। जहां जांच के दौरान पता चला कि युवती गर्भवती है। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी थी। अस्पताल के एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि परिजन का नंबर भी पुलिस को दिया था। पुलिस की मानें तो युवती मिल गई है और उसके नाना उसे अपने साथ लेकर चले गए। कोई तहरीर न मिलने के कारण पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है और न ही किसी तरह की जांच हो रही है। परिजन अस्पताल में इलाज के लिए लेकर आए थे और अपने साथ ही लेकर चले गए।