लालकुआं (नैनीताल)। लालकुआं से मीरगंज बरेली ले जाकर 11 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म करने के आरोपी को एसओजी और लालकुआं कोतवाली पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है।
31 दिसंबर को लालकुआं से अपहृत 11 वर्षीय बच्ची एक जनवरी को बरेली से बरामद की गई थी। पीड़ित बच्ची की मां ने कोतवाली में दी गई तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी। कोतवाली पुलिस ने मीरगंज थाना क्षेत्र निवासी बब्लू उर्फ वाजिद के विरुद्ध आईपीसी की विभिन्न धाराओं समेत पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सुधीर कुमार ने वरिष्ठ उप निरीक्षक रोहताश सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। टीम ने बृहस्पतिवार को आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। टीम में उपनिरीक्षक मुनव्वर सिंह, एसओजी से दिनेश पंत, सत्येंद्र गंगोला, चंदन सिंह और सिपाही आनंद गिरी गोस्वामी शामिल रहे।