तरुण हत्याकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। शादी का झांसा देकर प्रेमिका ने पहले तो तरुण से रुपये ऐंठे, जब वह पैसे वापस मांगने लगा तो पति के साथ मिलकर उसकी निर्ममता से हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे।
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के गौजाजाली में शुक्रवार रात हुए तरुण हत्याकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। शादी का झांसा देकर प्रेमिका ने पहले तो तरुण से रुपये ऐंठे, जब वह पैसे वापस मांगने लगा तो पति के साथ मिलकर उसकी निर्ममता से हत्या कर दी। दोनों ने हत्या से पहले बच्चों को नाना-नानी के घर भेज दिया था। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे।
विज्ञापन
पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसएसपी पीएन मीणा ने पत्रकार वार्ता की। बताया कि राजेंद्र नगर के राजपुर स्थित गली नंबर तीन निवासी तरुण सिंह रावत के गौजाजाली निवासी अनिल साहू की पत्नी गीता साहू से प्रेम संबंध थे। गीता साहू ने तरुण को यह झांसा दिया था कि वह अपने पति से तलाक लेकर उससे विवाह कर लेगी। वह तरुण से अपनी जरूरत पूरी करने के लिए रुपये ऐंठना चाहती थी। तरुण ने गीता पर काफी पैसे खर्च किए। जब उसको इस बात का अहसास हुआ कि गीता और उसका पति अनिल दोनों मिलकर उसका फायदा उठा रहे हैं तो उसने अब तक दिए गए पैसे वापस मांगने शुरू किए।
तरुण के दबाव बनाने पर पति पत्नी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 30 मई को दोनों ने अपने बेटे और बेटी को हल्द्वानी में ही नानी के घर भेज दिया। इसके बाद गीता ने तरुण को फाेन कर रुपये लेने के लिए अपने घर बुलाया। घर पर अनिल भी मौजूद था। जब तरुण ने रुपये मांगे तो गीता साहू ने कहा कि रात अधिक हो गई है। यहीं सो जाओ, सुबह रुपये मिल जाएंगे। गीता की बातों पर विश्वास कर वह उसके घर पर ही सो गया। तरुण जब गहरी नींद में था तो गीता के पति अनिल ने बाहर से पत्थर लाकर सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।