हल्दूचौड़। विपरीत दिशा में आ रहे ट्राले से बचने के चक्कर में कार एक हाईटेंशन लाइन के पोल से टकरा गई। देर रात ढाई बजे हुए हादसे में कार सवार पांच लोग बाल-बाल बच गए। पोल टूटने से दो फीडरों से जुड़े इलाकों की बिजली 12 घंटे तक गुल रही जिससे 18 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को गर्मी में परेशान रहना पड़ा।
हल्दूचौड़ में इंडेन गैस बॉटलिंग प्लांट के पास बृहस्पतिवार रात ढाई बजे हल्द्वानी की ओर जा रही कार सामने से सामने से आ रहे ट्रॉले के अचानक मुड़ने से बिजली के पोल से जा टकराई। घटना के चलते शुक्रवार को हाथीखाल एवं डूंगरपुर फीडर 12 घंटे तक बंद रहे। दोपहर बाद करीब दो बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई। धौलाखेड़ा उप संस्थान के जेई पुष्कर सिंह मेहरा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में घटना दिख रही है। गनीमत रही कि कार में सवार सभी की जान बच गई। हादसे के बाद ट्रॉला चालक भाग निकला। संवाद