हल्द्वानी। थाने के समीप फायरिंग मामले में गैंगस्टर अफसर उर्फ मल्लू नैनीताल पुलिस के हाथ लगना नहीं चाहता है। उसने यूपी में चाकू के साथ गिरफ्तार होने की योजना बनाई है। मल्लू के गिरफ्तार दो साथियों ने उसकी योजना का खुलासा किया है। मल्लू के चौथे साथी के बारे में भी पुलिस को जानकारी मिल गई है।
बनभूलपुरा थाने के उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार, विनोद घई, हरपाल सिंह और रवि शर्मा की टीम ने बृहस्पतिवार रात बिरला स्कूल के सामने हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 12 बोर का एक-एक तमंचा और दो-दो कारतूस बरामद किए हैं।
पकड़े गए आरोपियों में गफूरबस्ती निवासी रईस उर्फ बबलू और गौजाजाली निवासी इमरान उर्फ राजा शामिल हैं। दोनों ने बताया कि फायरिंग की घटना के बाद वे रुद्रपुर गए थे। यहां से गिरोह का सरगना अफसर उर्फ मल्लू उनको लेकर संभल अपनी बहन के घर गया था।
मल्लू ने यूपी में चाकू के साथ गिरफ्तार कराने की योजना बनाई है। उसके साथ किच्छा का रहने वाला बदमाश मुख्तियार सिंह लाडी भी है। वे दोनों भी मल्लू के जीजा के घर रहने के बाद घर लौट रहे थे। लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
दोनों ने बताया कि घटना के समय मल्लू ने ही प्रापर्टी डीलर राजा सैफी और आदिल पर तीन गोलियां चलाई थीं लेकिन वे बच गए। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनोें को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
बनभूलपुरा थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी और एसओजी प्रभारी दिनेश चंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें गैंगस्टर उर्फ मल्लू को गिरफ्तार करने के लिए संभल में दबिश दे रही है। पुलिस ने मल्लू के संभावित अड्डों पर छापा मारा है लेकिन उसका पता नहीं चल सका है।