रामनगर (नैनीताल)। पुलिस ने वन विभाग के एसडीओ के अपहरण के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पांच अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।तराई पश्चिमी वन प्रभाग के एसडीओ कलम सिंह बिष्ट ने तीन जून की रात मालधनचौड़ क्षेत्र से अवैध खनन में लिप्त ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी थी।
इसके विरोध में खनन माफिया ने एसडीओ समेत दो अन्य स्टाफ का सरकारी गाड़ी से ही अपहरण कर लिया था। इस दौरान माफिया जब्त किया गया ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए एसडीओ को मजबूर कर रहे थे लेकिन इसी बीच एसडीओ का ड्राइवर गाड़ी से कूदकर धान के खेत में भाग गया था।
इससे घबराए अपहर्ता एसडीओ को तुमड़िया डाम क्षेत्र में छोड़कर चले गए थे। चार जून को एसडीओ ने एसडीएम को भी राजस्व जमीन पर खनन के स्टॉक का निरीक्षण कराया था। एसडीओ ने कोतवाली में पुलिस को सात आरोपियों के खिलाफ तहरीर सौंपी थी।
पुलिस ने शुक्रवार को मालधन नंबर दो से दो आरोपियाें को गिरफ्तार किया। इनमें जसपुर क्षेत्र के ग्राम टांडा थाना कुंडा निवासी अमरीक सिंह और चंद्रनगर मालधन नंबर एक निवासी संजय कुमार उर्फ बंटी शामिल हैं। उनका धारा 147, 332, 341, 427 आईपीसी के तहत चालान किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।