इंडियन सॉकर लीग (आईएसएल) की तर्ज पर देहरादून में होने वाले उत्तराखंड सॉकर लीग (यूएसएल) के कुछ मैच पिथौरागढ़ और हल्द्वानी में भी खेले जाएंगे। पिथौरागढ़ और हल्द्वानी में बड़ी संख्या में फुटबाल प्रेमियों को देखते हुए आयोजन समिति ने यह निर्णय लिया है। इससे पहले उत्तराखंड स्टेट फुटबाल एसोसिएशन ने भी आयोजन समिति को इस संबंध में सुझाव भेजे थे।
देहरादून में 15 जून से 15 जुलाई तक यूएसएल का आयोजन होना है। प्रतियोगिता में 14 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें 13 जिलों के अलावा एक टीम कार्बेट की बनाई गई है। सभी जिलों में सात और आठ मई को यूएसएल में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों के ट्रायल भी आयोजित किए गए हैं।
आयोजन समिति के सचिव शंकर सागर रावत ने बताया कि पहले यूएसएल के सभी मैच देहरादून में होने थे, लेकिन उत्तराखंड स्टेट फुटबाल एसोसिएशन के कुछ मैच पिथौरागढ़ और हल्द्वानी कराने का भी सुझाव भेजा। जिसे आयोजन समिति ने मंजूरी दे दी है। अब यूएसएल के मैच देहरादून के अलावा, पिथौरागढ़, हल्द्वानी, हरिद्वार और कोटद्वार में भी खेले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 16 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों के साथ ही ओपन वर्ग के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी बाईचुंग भूटिया को प्रतियोगिता को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। जबकि सात राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को आईकॉन बनाया गया है। हल्द्वानी में स्टेडियम में निर्माण कार्य के चलते मैचों का आयोजन एफटीआई या आईटीआई के मैदान में किया जाएगा।
-------------
कोट::
यूएसएल के लिए अब तक करीब 542 खिलाड़ी अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। खिलाड़ी लगातार रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन कर रहे हैं। जिसके बाद अब पंजीकरण की तिथि को बढ़ाकर छह मई कर दिया गया है।
- पंकज बिष्ट, कोर्डिनेटर, यूएसएल
- पिथौरागढ़ और हल्द्वानी में फुटबाल प्रेमियों की बड़ी संख्या को देखते यूएसएल के मैच हल्द्वानी और पिथौरागढ़ कराने का सुझाव भेजा गया था, जिस पर यूएसएल ने भी सहमति जताई है।
-अख्तर अली, महासचिव, यूएसएफए