पीरूमदारा में एक के बाद एक हुई लूट की वारदातों के बाद आखिरकार पीरूमदारा चौकी इंचार्ज कमलेश भट्ट को हटा दिया गया।
राजेश यादव अब पीरूमदारा चौकी के नये इंचार्ज होंगे। पीरूमदारा चौकी क्षेत्र पिछले कुछ समय से आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बन गया था।
22 मई को बसई निवासी 62 वर्षीय लछिमा देवी हत्याकांड, 25 जून को मधुवन कालोनी निवासी टेकचंद के घर हुई लूट के बाद 12 जुलाई को नया गांव निवासी ग्लास व्यापारी परविंदर सिंह सेठी के घर लूटपाट की घटनाओं के बाद बदमाशों ने 12 सितंबर को दिन दहाड़े इकराम के घर लूट की घटना को अंजाम दिया।
इसके बाद 15 सितंबर को स्टोन क्रशर के मुंशियों से छह लाख 15 हजार रुपये लूट कर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली। एसएसपी के कोतवाली में लगे जनता दरबार में भी यह मामला जोेरशोर से उठा था।
इसके बाद से ही पीरूमदारा चौकी इंचार्ज कमलेश भट्ट को हटाने की मांग तेज होने लगी थी। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने भी इस मामले में चौकी इंचार्ज के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें हटाने की मांग को लेकर पुलिस महानिदेशक समेत अधिकारियों को ज्ञापन भेजे।