बढ़ी हुई फीस को लेकर अभिभावकों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। काफी संख्या में महिलाएं क्वींस पब्लिक स्कूल पहुंची और हंगामा किया। उनकी कालेज प्रबंधन के साथ गरमागरमी हुई। आक्रोशित महिलाओं का कहना था कि फीस वृद्धि बहुत ज्यादा है।
बुधवार को क्वींस पब्लिक स्कूल पहुंची महिलाओं की प्रबंधन से फीस वृद्धि को लेकर जमकर गरमागरमी हुई। महिलाओं ने बताया कि मेंटीनेंस फीस बढ़ाकर दो हजार से चार हजार कर दी गई है। महीने की फीस में पांच सौ रुपए की बढ़ोतरी की गई है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि हर क्लास की फीस में पांच सौ रुपए की बढ़ोतरी की गई है। स्कूल प्रबंधन महिलाओं की एक सुनने को तैयार नहीं था।
प्रबंधन से पूरी बात होने के बाद महिलाएं चली गईं। प्रदर्शन करने वालों में डिंपल, अनीता, गीता, पुष्पा, सुमन, माया, लीला, भावना, ज्योति, देवकी देवी आदि थीं। वहीं, इस संबंध में कालेज प्रबंधन से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का दिया हवाला
हल्द्वानी। जब महिलाएं बढ़ी हुई फीस को लेकर आपत्ति जा रही थी, तब कालेज प्रबंधन ने उनको सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया। कालेज प्रबंधन के अनुसार फीस वृद्धि सुप्रीम कोर्ट के गाइड लाइन के अनुसार ही की गई है।