जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से अमर उजाला प्रायोजित 94वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में सोमवार को रामपुर और उदयपुर ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। नैनीताल में तेज बारिश और ओलावृष्टि की वजह से मैच निर्धारित समय से आधे घंटे देरी से शुरू हुआ। खराब मौसम के बाद भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।
डीएसए मैदान में पहला मैच चैंपियन हॉकी क्लब रामपुर और कोहिनूर हॉकी क्लब पीलीभीत के बीच हुआ। पहले हाफ में रामपुर 2-1 से बढ़त बनाए हुई थी। चौथे मिनट में अभिषेक और 18वें मिनट में असीम ने गोल किया। पीलीभीत की ओर से 23वें मिनट में उवेश ने गोल किया। मध्यांतर बाद रामपुर की ओर से 37वें मिनट में असीम और 45वें मिनट में अभिषेक ने गोल किया। रामपुर ने 4-1 से यह मैच जीता।
उदयपुर ने रानीखेत को दी मात
प्रतियोगिता का दूसरा मैच मेवाड़ यूनाइटेड उदयपुर और रानीखेत इलेवन के बीच मैच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर थीं। उदयपुर की ओर से 11वें मिनट में मनीष रावत और 20वें मिनट में अमित ने गोल किया। रानीखेत से 8वें मिनट में लोकेश चौैधरी और 23वें मिनट में धीरज वर्मा ने गोल किया। मध्यांतर बाद 56वें मिनट में सुमित जायसवाल ने उदयपुर की ओर से गोल किया। इस प्रकार उदयपुर ने यह मैच 3-2 से जीता। अंपायर मंजुल, प्रकाश सनवाल, सीएल साह, अमित कुमार व ललित साह थे। तकनीकी समिति में दीपक साह व रोहित साह जबकि तकनीकी निदेशक अहमद सिद्दीकी थे। मैच शुरूहोने से पूर्व डीएसए के प्रतिनिधियों व दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शोक सभा कर फुटबाल खिलाड़ी रॉबिन भारती और आईएएस अधिकारी अक्षत गुप्ता को श्रद्धांजलि दी।
आज के मुकाबले
- 3.30 चैंपियन बजे से वेस्टर्न सेंट्रल रेलवे कोटा बनाम गुरुनानक हॉकी क्लब बरेली
- 4.45 बजे से प्रिंस हॉकी क्लब शाहजहांपुर बनाम डायमंड हॉकी क्लब पूरनपुर