नैनीताल। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह जिले की सड़कों पर आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आपसी तालमेल और समन्वय से कार्य करना सुनिश्चित करें।
डीएम गर्ब्याल मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चिह्नित ब्लैक स्पॉट का शीघ्रता से स्थायी समाधान करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के साथ ही आवश्यकतानुसार सड़कों पर क्रश बैरियर, स्पीड ब्रेकर आदि की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने लोनिवि के अभियंताओं को जिले में सर्वाधिक आवागमन वाली सड़कों को दुरुस्त रखने, हल्द्वानी में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुचारु बनाने के लिए बस स्टैंड से सिंधी चौराहा, मुखानी चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण हेतु विशेषज्ञों के माध्यम से गहनता से अध्ययन कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को नैनीताल शहर में वाहनों के आवागमन से संबंधित नियमों, आदेशों एवं दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर व्यवस्था बनाने को कहा। परिवहन विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीएम ने प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने और सड़क सुरक्षा संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आरटीओ प्रवर्तन नंद किशोर से जिले में यातायात जागरूकता केंद्र के निर्माण में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। । बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात देवेंद्र पींचा, एआरटीओ विमल पांडे आदि थे।
सात ब्लैक स्पॉट में से तीन हुए हैं ठीक
नैनीताल। आरटीओ प्रवर्तन नंद किशोर ने बताया कि जिले में सात सड़क दुर्घटना ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं। इनमें से तीन ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य किया जा चुका है और सुधार के बाद सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है। लालकुआं क्षेत्र में चिह्नित चार ब्लैक स्पॉट पर वर्तमान में सुधार कार्य चल रहा है। वाहन चालकों की परीक्षा के लिए ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक, वाहनों की फिटनेस हेतु ऑटोमेटेड टेस्टिंग लेन के निर्माण हेतु भूमि का स्थानांतरण परिवहन विभाग के नाम हो चुका है। साल 2020 में ओवर लोडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय चालक के मोबाइल पर बात करने, रेड लाइट जंप एवं भार वाहनों में यात्री ढोने वाले 1319 व्यक्तियों के लाइसेंस निरस्त किए हैं।