पेयजल संकट को लेकर दमुवाढूंगा के लोगों ने जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन किया। अधिशासी अभियंता का घेराव कर सुचारु आपूर्ति कराने की मांग की। हल्दीखाल का ट्यूबवेल जल संस्थान को स्थानांतरित होने को लेकर जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों के बीच खींचतान चल रही है।
दमुवाढूंगा में लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। काफी समय से लोग एक-एक बूंद पानी के लिए भटक रहे हैं। दमुवाढूंगा के लोग मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंच गए। अधिशासी अभियंता संतोष कुमार उपाध्याय का घेराव कर प्रदर्शन किया। उपाध्याय ने मौके पर सहायक अभियंता और अवर अभियंता को भेजा साथ ही लोगों की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि जल निगम ने हल्दीखाल में ट्यूबवेल बनाया है मगर जल संस्थान को हैंडओवर नहीं किया है।
ट्यूबवेल समयबद्ध तरीके से न चल पाने के कारण लोगों को पेयजल किल्लत झेलनी पड़ रही है। जल निगम से ट्यूबवेल स्थानांतरित करने को कहा है। दूसरी ओर राजपुरा में ट्यूबवेल की मोटर फुंकने के कारण लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। एक-एक बूंद पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। उपाध्याय का कहना है कि फिल्टर प्लांट से आपूर्ति हो रही है। ज्यादा दिक्कत होने पर टैंकर भेजा जाएगा। मोटर निकलने के बाद ही पता चलेगा कि मोटर फुंकी है या पैनल। ट्यूबवेल ठीक होने में लगभग दस दिन का समय लगेगा। राजपुरा ट्यूबवेल की मोटर एक वर्ष में चौथी बार फुंकी है।