डीएम को ज्ञापन सौंपती विधायक व भाजपाई। स्रोत : स्वयं
नैनीताल। शहर की मॉल रोड को नो हॉर्न जोन घोषित करने के दो दिन बाद ही इस निर्णय का विरोध होने लगा है। स्थानीय विधायक सरिता आर्य ने भी जिलाधिकारी से मुलाकात कर हॉर्न प्रतिबंध के आदेश पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग उठाई है।
सोमवार को विधायक आर्य कार्यकर्ताओं के साथ डीएम ललित मोहन रयाल से मिलीं। डीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा कि लोअर मॉल रोड पर रोकथाम कार्य चलने के कारण वर्तमान में पूरा यातायात अपर मॉल रोड से संचालित हो रहा है जिससे मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
विधायक ने कहा कि बड़ी संख्या में पैदल यात्री मोबाइल पर बातचीत करते हुए या ईयरफोन लगाकर चलते हैं। ऐसी स्थिति में यदि वाहन चालक हॉर्न का उपयोग नहीं कर पाएंगे तो दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। उन्होंने इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। यहां भाजपा जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, भारत मेहरा सहित आदि मौजूद रहे।
वहीं, सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स कल्याण एसोसिएशन ने बैठक में नव निर्वाचित कार्यकारिणी का स्वागत किया गया। संगठन ने जिला प्रशासन से मॉल रोड को वाहन रहित क्षेत्र बनाने का अनुरोध किया है। संगठन के महामंत्री बहादुर सिंह बिष्ट ने बताया कि मॉल रोड पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए यह मांग उठाई है। यहां मंजू बिष्ट, निर्मल पांडे, चंद्रकांता खोलिया, दीपा बिष्ट आदि रहीं।