कैंची धाम में हिंदू वादी संगठन के लोग दुष्कर्म की घटना पर विरोध जाहिर करते हुए। संवाद
भवाली (नैनीताल)। नैनीताल की घटना के विरोध में शनिवार को कैंची धाम में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के साथ स्थानीय लोगों ने दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ नारेबाजी कर उसे फांसी की सजा देने की मांग की। कहा कि कैंची धाम में एक विशेष समुदाय के लोगों को व्यापार नहीं करने दिया जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सहमंत्री रणदीप पोखरिया ने आरोपी को तत्काल फांसी की सजा देने की मांग की। कहा कि क्षेत्र में बदल रही डेमोग्राफी चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से बदलती डेमोग्राफी की जांच कर कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से बाहरी लोगों का सत्यापन करने को कहा।
लोगों ने तहसीलदार नेहा टम्टा के माध्यम से डीएम को ज्ञापन दिया। इस दौरान ग्राम प्रशासक पंकज निगल्टिया, दिनेश तिवारी, पवन भट्ट, नीरज बिष्ट, खजान चंद्र भट्ट, मुकेश तिवारी, अजय मेहरा, राकेश तिवारी, पवन कुमार, हिमांशु कन्याल, दीपक मेहता, पीयूष नेगी आदि मौजूद रहे।