नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में लंबे समय से हृदय रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर होने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डेड़ महीने से हृदय रोगी फिजिशियन से ही इलाज करा रहे हैं, जबकि कई मरीजों को दूसरे अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
बता दें कि अस्पताल में एक हृदयरोग विशेषज्ञ तैनात हैं, जिनके पास रोजाना 30 से 40 मरीज इलाज के लिए आते हैं। नैनीताल में हृदय रोग विशेषज्ञ होने से शहर और आसपास के मरीजों को दूसरे अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ते हैं, लेकिन बीते महीने से हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सा अवकाश में चल रहे हैं। इनके बदले कोई दूसरा हृदय रोग विशेषज्ञ भी अस्पताल में नियुक्त नहीं किया गया है। प्रभारी पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि हृदय रोग विशेषज्ञ एक जनवरी से चिकित्सा अवकाश पर हैं, जिसके चलते फिजिशियन मरीजों का इलाज कर रहे हैं। संवाद