नैनीताल। बीडी पांडे जिला अस्पताल में सोमवार को कई विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपस्थिति के चलते स्वास्थ्य सेवाएं पटरी से उतर गईं। हृदयरोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, गाइनेकोलॉजिस्ट और चेस्ट फिजिशियन के नहीं मिलने से मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। दूर-दराज से इलाज के लिए पहुंचे कई मरीज बिना उपचार लौट गए।
बीडी पांडे अस्पताल में डॉक्टरों के रिक्त पदों और लंबे समय से छुट्टी पर चल रहे चिकित्सकों के कारण सोमवार को भी मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ के तीन पदों में से लंबे समय से खाली पड़े हैं। गाइनेकोलॉजिस्ट के तीन स्वीकृत पदों में से एक डॉक्टर करीब छह माह से छुट्टी पर हैं। सोमवार को दूसरी महिला रोग विशेषज्ञ भी अवकाश पर रहीं। ऐसे में महिला मरीजों को जांच और परामर्श के लिए परेशान रहना पड़ा। वहीं फिजिशियन, चेस्ट फिजिशियन व हृदयरोग विशेषज्ञ की छुट्टी से भी मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग लंबे समय से जिला अस्पताल की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पद नहीं भरे जा रहे हैं। मौजूद डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीजों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। लोगों ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
सोमवार सुबह ही पता चला कि कई डॉक्टर नहीं पहुंचे हैं। वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो पाई है। हृदयरोग विशेषज्ञ की नाइट ड्यूटी होने के कारण वह छुट्टी पर हैं। अन्य डॉक्टरों से छुट्टी पर रहने के कारण पूछे जा रहे हैं।
-डॉ. टीके टम्टा, पीएमएस, बीडी पांडे अस्पताल
बीडी पांडे अस्पताल में एक्सरे तकनीशियन की कमी, मरीज परेशान
नैनीताल। बीडी पांडे जिला अस्पताल में एक्सरे तकनीशियनों की कमी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चारधाम ड्यूटी और छुट्टी पर होने से अस्पताल में एक्सरे सेवाएं प्रभावित हुई हैं। अस्पताल में एक्सरे तकनीशियन के तीन स्वीकृत पदों में से एक पद लंबे समय से रिक्त है। वर्तमान में तैनात दो तकनीशियनों में से एक चारधाम ड्यूटी पर है और दूसरा छुट्टी पर है। इस कारण दूसरे अस्पतालों से तकनीशियन बुलाकर काम चलाया जा रहा है जिससे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक टीके टम्टा ने बताया कि रिक्त पद भरने के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है। जल्द ही समाधान की उम्मीद है। संवाद
गरमपानी से फिजिशियन के तबादले से मरीज परेशान
गरमपानी (नैनीताल)। सामुदायिक स्वास्थय केंद्र गरमपानी में तैनात एकमात्र फिजिशियन का तबादला बागेश्वर होने के चलते नैनीताल और अल्मोड़ा जिले के आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिजिशियन डॉ. गौरव कैड़ा के तबादले के बाद से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में नाराजगी है। समाजसेवी बालम सिंह पिनारी और गरमपानी के पूर्व ग्राम प्रधान त्रिभुवन पाठक ने कहा कि एकमात्र फिजिशियन के तबादले के बाद से मरीजों को दूसरे शहरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। संवाद