नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में लंबे समय से एक ही हड्डी रोग विशेषज्ञ मरीजों का उपचार कर रहे हैं लेकिन उनके ओटी या छुट्टी पर जाने से कई बार मरीजों को दिक्कतों का सामान करना पड़ रहा है। हालांकि अस्पताल में एक ही हड्डी रोग विशेषज्ञ का पद स्वीकृत है लेकिन अस्पताल में पूर्व में दो हड्डी रोग विशेषज्ञ मरीजों को उपचार दे रहे थे।
लोग अस्पताल में दोबारा एक और हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। बीडी पांडे अस्पताल में रोजाना 400-500 मरीज पहुंचते हैं। इसमें 30-40 मरीज रोजाना हड्डी रोग विशेषज्ञ से इलाज कराने पहुंचते हैं। बीते वर्ष तक अस्पताल में दो हड्डी रोग विशेषज्ञ मौजूद थे जिसके चलते एक विशेषज्ञ के छुट्टी या ओटी में जाने से मरीजों को उपचार के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता था लेकिन बीते वर्ष से अस्पताल में एक ही हड्डी रोग विशेषज्ञ हैं।
इसके चलते कई बार एक मात्र विशेषज्ञ की छुट्टी, पीएम ड्यूटी व ओटी में जाने के चलते मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में शहर के लोग अस्पताल में पहले की तरह दो हड्डी रोग विशेषज्ञ तैनात करने की मांग कर रहे हैं। पूर्व में सांसद अजय भट्ट की ओर से भी स्वास्थ्य सचिव को अस्पताल में विशेषज्ञों की नियुक्ति के लिए निर्देश दिए गए थे।