रामनगर। घोषणा के तहत बृहस्पतिवार सुबह दो बजे से रामनगर के विभिन्न ट्रांसपोर्टर रानीखेत रोड पर हड़ताल पर बैठ गए। इस दौरान निजी बस, जिप्सी, टेंपो, ई-रिक्शा समेत निजी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहा। संचालन बंद होने से यात्रियों के साथ ही अन्य लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। ट्रांसपोर्टरों ने मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है।
बीते एक माह से कॉर्मिशयल वाहनों की फिटनेस का कार्य रामनगर के एआरटीओ कार्यालय में नहीं हो रहा है। फिटनेस के लिए हल्द्वानी में सेंटर बनाए गए हैं। इसके विरोध में बृहस्पतिवार से रामनगर की कॉर्बेट जिप्सी एसोसिएशन, ट्रक यूनियन, टैक्सी यूनियन, ऑटो यूनियन, ई रिक्शा यूनियन और पहाड़ जाने वाली चारों निजी बस यूनियन के पदाधिकारी हड़ताल पर बैठ गए। ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि हल्द्वानी में फिटनेस होने से वाहन स्वामियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि फिटनेस के चार्ज तीन गुना बढ़ा दिया है। इस दौरान कॉर्बेट जिप्सी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश छिम्वाल, सचिव उमर मोहम्मद, कोषाध्यक्ष नूर खान, जिम कॉर्बेट टैक्सी ऑपरेटर सोसाइटी के अध्यक्ष रेहान खान, महबूब आलम, इसरार मंसूरी, तस्लीम पहलवान, रईस अहमद, ऑटो यूनियन के अध्यक्ष युसूफ कुरैशी, फरमान, अर्जुन आदि मौजूद रहे।
हड़ताल से परेशान हुए यात्री
हड़ताल के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग बसों के इंतजार में निजी बस अड्डों में पहुंचकर भटकते रहे। पहाड़ी क्षेत्रों व हल्द्वानी और काशीपुर जाने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। इस पर रोडवेज की ओर से हल्द्वानी-काशीपुर रोड मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाये गए। इसके साथ ही पहाड़ी मार्ग पर दो अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। बावजूद यात्रियों को सीट के लिए इंतजार करना पड़ा।
दो घंटे की वार्ता रही बेनतीजा
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के बाद दोहपर एक बजे एआरटीओ प्रशासन सुरेंद्र कपकोटी व एआरटीओ प्रवर्तन रिशु तिवारी धरनास्थल पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद एसडीएम कार्यालय में एसडीएम प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक की गई। करीब दो घंटे तक चली बैठक के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। बैठक में आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ प्रशासन सुरेंद्र कपकोटी, भाजपा नगरध्यक्ष भूपेंद्र खाती, ट्रांसपोर्टर जगदीश छिमवाल, प्रेम मेहरा, रेहान खान, मेहबूब आलम आदि मौजूद रहे।
आज से होगा पर्वतीय क्षेत्रों में बसों का संचालन
हड़ताल के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में संचालित होने वाली कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड के स्टेशन इंचार्ज देवेंद्र कांडपाल, गढ़वाल मोटर यूजर्स के सचिव हर्षवर्धन रावत, कुमाऊं आदर्श मोटर समिति के सचिव सुंदर सिंह रावत, कुमाऊं-गढ़वाल बस सेवा समिति के सचिव विरेंद्र रेखाड़ी ने बैठक की। बैठक में यात्रियों को हो रही परेशानियों को देखते हुए शुक्रवार से बसों का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया गया। मांग पूरी करने के लिए शासन को 15 दिन का समय दिया है।
ट्रांसपोर्टरों को समझाने के लिए वार्ता की जा रही है। हड़ताल के विषय में निदेशालय को अवगत करा दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर रामनगर में मैनुअली फिटनेस शुरू करने की मांग निदेशालय से की है। निर्णय आने तक ट्रांसपोर्टरों से शांतिपूर्वक धरना देने की अपील की जा रही है।
- सुरेंद्र कपकोटी, एआरटीओ प्रशासन, रामनगर