पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ने से रविवार को नगर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सुबह से लेकर शाम तक माल रोड समेत मुख्य मार्गों में जाम लगने से लोगों को भारी फजीहत उठानी पड़ी।
रविवार को नगर में गुरु अर्जुन देव के शहीदी पर्व पर निकली शोभायात्रा की वजह से भी दिनभर जाम लगा रहा। हालांकि पुलिस ने शोभा यात्रा के दौरान माल रोड में वन वे ट्रैफिक कर दिया था लेकिन उसके बाद भी दिनभर जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। लेक ब्रिज चुंगी से करीब 1000 वाहन शहर में पहुंचे। नगर में डीएसए पार्किंग के अलावा सभी छोटे-बड़े पार्किंग स्थल वाहनों से पैक हो गए।