नैनीताल। नगर में पर्यटन गतिविधि बढ़ने के चलते यहां वाहनों, दुकान, रेस्टोरेंट व फड़ों की संख्या बढ़ रही है। इस कारण कई लोगों ने यहां के फुटपाथाें पर कब्जा कर लिया है। कहीं फुटपाथ पर दुकान, रेस्टोरेंट व फड़ चलाए जा रहे हैं जिसके चलते स्थानीय लोगों व पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फुटपाथ पर ही वाहन खड़े करने से भी समस्या बढ़ रही है।
नैनीताल में दिन प्रतिदिन पर्यटकों व बाहरी कारोबारियों की संख्या बढ़ने लगी है। इसके चलते अब नगर की फुटपाथों पर भी लोगों व कारोबारियों का कब्जा होने लगा है। तल्लीताल नया बाजार में लोग फुटपाथ पर सालों से दिन रात अपने वाहन पार्क कर रहे हैं। इसके चलते लोग सड़क में चलने को मजबूर हैं। वहीं मल्लीताल तिब्बती बाजार में पार्किंग की ओर अवैध फड़ लगाए जा रहे हैं। न्यू पालिका बाजार में भी रेस्टोरेंट के आगे अतिक्रमण कर वहां कुर्सी मेज लगाई गई हैं। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतें होती हैं। वहीं देर शाम मालरोड किनारे फड़ लगने के बाद लागों को बीच सड़क पर चलना पड़ता है। जिला मुख्यालय होने के बाद भी प्रशासन या पालिका का इस पर कोई ध्यान नहीं। इसके चलते आए दिन यहां के फुटपाथ गुम होते नजर आ रहे हैं।
एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि पालिका के साथ मिलकर फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा। साथ ही वेंडिंग जोन के अलावा किसी भी क्षेत्र में फड़ लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। संवाद