लोकसभा द्वारा गठित आश्वासन समिति के अध्यक्ष व उत्तराखंड के पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में बुधवार को होटल मनु महारानी में समिति की बैठक हुई। बैठक में निशंक समेत कुल सात सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में निशंक ने कहा कि पंतनगर से देहरादून तक सीधी हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष विचाराधीन है। इसके अलावा पंतनगर व देहरादून हवाई अड्डों व नैनी सैनी हैलीपैड का भी विस्तारीकरण किया जाएगा।
डॉ. निशंक ने बताया कि आश्वासन समिति संसद में विभिन्न मंत्रालयों द्वारा दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन के बारे में देशभर के राज्यों का भ्रमण कर रही है। यह समिति केंद्र सरकार के अधीन संचालित दो दर्जन विभागों का अनुश्रवण कर रही है जिसमें एनएचपीसी, एयरफोर्स, टीएचडीसी, कृषि, ऊर्जा, जल संसाधन, पर्यावरण व वन मंत्रालय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, पंतनगर विवि आदि मुख्य हैं। उन्होंने कहा कि समिति के समक्ष कुछ मामले वर्ष 2002 के भी लंबित पड़े हैं। उसके बाद में भी संसद में दिए गए आश्वासनों का क्रियान्वयन न होने की लोस द्वारा गठित यह समिति राज्यवार समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट सीधे संसद में ही पेश करेगी।
एक सवाल के जवाब में निशंक ने कहा कि समिति के समक्ष उत्तराखंड के संदर्भ में सर्वाधिक मामले ऊर्जा, जल संसाधन, कृषि, वन व पर्यावरण मंत्रालय से संबंधित हैं। निशंक के मुताबिक पंतनगर विवि में आम जनता की जरूरतों के अनुसार शोध हो रहा है या नहीं। इन शोधों का लाभ आम जनता को कैसे मिले यह सब जानने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बुधवार की शाम को वह पंतनगर हवाई अंडे का भी निरीक्षण करेंगे। उन्होेंने कहा कि समिति में 15 सदस्य हैं किंतु नैनीताल की बैठक में भाग लेने के लिए सात सदस्य ही पहुंचे हैं। जिसमें उनके अलावा प्रह्लाद पटेल, तसलीमउद्दीन, सुनील कुमार, सीआर पाटिल, बहादुर सिंह कोहली, नारायण भाई कचाड़िया शामिल हैं। इस मौके पर पंतनगर विवि के कुलपति प्रो. मंगलाराय समेत विभिन्न विभागों के निदेशक व अधिकारी मौजूद थे।
फोटो सहित 29एनटीएल 02पी से